
महानगर से मंडल स्तर तक चलेगा व्यापक प्रशिक्षण अभियान
सरदार एसपी सिंह और राजेश त्यागी के कंधों पर रहेगी जिम्मेदारी, बने संयोजक
तीन सह संयोजकों में रणीता सिंह, वेदप्रकाश जाटव और सोनू भाटी
गाजियाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियों को तेज कर दिया है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकतार्ओं को चुनावी रणनीति से लैस करने के उद्देश्य से महानगर से लेकर सभी मंडलों में व्यापक प्रशिक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं को संगठन की रीति-नीति, सरकार की उपलब्धियों और चुनावी प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।

इस अभियान के सफल संचालन के लिए भाजपा नेतृत्व ने महानगर स्तर पर संयोजक और सह संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। पूर्व जिलाध्यक्ष सरदार एसपी सिंह और भाजपा महानगर महामंत्री राजेश त्यागी को संयोजक बनाया गया है, जबकि रणीता सिंह, वेदप्रकाश जाटव और सोनू भाटी को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह टीम महानगर से लेकर मंडल स्तर तक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षण शिविरों में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क, सोशल मीडिया की भूमिका, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार और विपक्ष के मुद्दों का जवाब देने जैसे विषयों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसका उद्देश्य कार्यकतार्ओं को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है, ताकि आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति को मजबूती मिले। महानगर नेतृत्व ने बताया कि यह प्रशिक्षण अभियान चरणबद्ध तरीके से आयोजित होगा, जिसमें पहले महानगर पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा, इसके बाद मंडल और बूथ स्तर तक कार्यक्रम पहुंचाए जाएंगे। इससे संगठन के सभी स्तरों पर एकरूपता और समन्वय स्थापित होगा।
भाजपा के इस कदम को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठनात्मक ढांचा और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही चुनावी सफलता की कुंजी होते हैं। इसी रणनीति के तहत भाजपा ने अभी से मैदान में उतरकर संगठन को नई धार देने की पहल कर दी है।



