ग्राम-दुहाई एवं सैतली, मुरादनगर क्षेत्र में लगभग 20 बीघे में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर चला जी0डी0ए0 का बुलडोजर‘‘

उपाध्यक्ष महोदय के अवैध निर्माण/अवैध कालोनियों के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में दुहाई एवं सैतली, मुरादनगर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई अवैध निर्माण एवं बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे विकास कार्यों के विरुद्ध की गई।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि संबंधित कॉलोनी का विकास बिना वैध अनुमति एवं स्वीकृति के किया जा रहा था। प्राधिकरण की पूर्व सूचना एवं नोटिस के बावजूद अवैध निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया, जिसके फलस्वरूप यह कठोर कार्रवाई अमल में लाई गई।

कार्रवाई के दौरान कॉलोनी के साइट कार्यालय, अस्थायी निर्माण एवं अन्य अवैध संरचनाओं को जे0सी0बी0 मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता, प्रवर्तन जोन-02 का समस्त स्टॉफ एवं प्रयाप्त पुलिस बल की उपस्थिति में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
जी0डी0ए0 के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण एवं अनधिकृत कॉलोनियों को विकसित नहीं होने दिया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पूर्व उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें।
प्रवर्तन जोन-2 की यह कार्रवाई अवैध निर्माण के विरुद्ध जी0डी0ए0 के सख्त रुख को दर्शाती है। भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जाता रहेगा।



