
गौतमबुद्धनगर{मनस्वी वाणी}
आगामी होली पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।इस संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत दिवस देर रात्रि खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा सेक्टर-12 नोएडा सब्जी मंडी स्थित प्रतिष्ठा द डेयरी से खोया का एक नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविन्द्र नाथ वर्मा, विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा सेक्टर 143 नोएडा स्थित बी टी डब्लू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से एक चमचम व एक पनीर का नमूना लिया गया तथा इसी टीम द्वारा देर रात्रि में 16 किलोमीटर यमुना एक्सप्रेसवे पर सबलपुर अलीगढ़ की सुशील की डेयरी से वाहन से दिल्ली एवं एन सी आर में सप्लाई के लिए ले जा रहे पनीर की गाड़ी को रोक कर चेक किया गया और उससे पनीर का एक नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस के पांडेय एवं ओ पी सिंह की टीम द्वारा सेक्टर-37 नोएडा स्थित सोहो किचेन एंड कंपनी से पिज्जा सॉस का एक नमूना लिया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय गोरखपुर के नेतृत्व में अंतर्जनपदीय टीम द्वारा के -51 साइट 5 यू पी एस आई डी सी कासना ग्रेटर नोएडा स्थित खाद्य तेल निर्माण इकाई अल्टीमेट सॉल्यूशन से एक सरसों के तेल का व एक नारियल तेल का नमूना लिया लिया गया। इस प्रकार कुल सात नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किये गये।सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से डीएम के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।


