गाजियाबाद

राहत देकर ताकत दिखाएं मेयर, मैं खुद करूंगी सम्मान: डॉली शर्मा

हाउस टैक्स वृद्धि पर कांग्रेस का भाजपा पर तीखा प्रहार

जनता को धमकाने से नहीं चलेगा काम, चुनाव में मिलेगा जवाब
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। हाउस टैक्स वृद्धि के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉली शर्मा ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता को राहत देने में विफल रहे हैं और अब आम नागरिकों को इसका जवाब चुनाव में मिलेगा।
एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉली शर्मा ने कहा कि गाजियाबाद में भाजपा के पांच विधायक, सांसद, मेयर और सर्वाधिक पार्षद होने के बावजूद जनता पर हाउस टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन आम जनता को राहत देने के बजाय उन्हें हड़काने और दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
डॉली शर्मा ने मेयर सुनीता दयाल से अपील करते हुए कहा कि यदि वे बढ़े हुए हाउस टैक्स में राहत देकर जनता के हित में निर्णय लेती हैं तो वह स्वयं उनका सम्मान करेंगी। उन्होंने कहा कि यह समय जनता के साथ खड़े होने का है, न कि उन पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का।कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों के माध्यम से आम नागरिकों, मध्यम वर्ग और व्यापारियों पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को कर वृद्धि के फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए और जनता को तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए। डॉली शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि हाउस टैक्स वृद्धि वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि अब जनता जागरूक हो चुकी है और आगामी चुनाव में भाजपा को इसका जवाब जरूर मिलेगा। प्रेसवार्ता में डा. संजीव शर्मा, उदय नागर, नरेन्द्र भारद्वाज, विजयपाल चौधरी, सोनल नागर, रामुकमार पंडित, अमित त्यागी, अमित भारद्वाज, मनोज चौधरी, बलराज चावड़ा आदि मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष ने किया था मुझे चुनाव हराने का काम
कांग्रेस प्रवक्ता डॉली शर्मा ने प्रेसवार्ता में जिला व महानगर अध्यक्ष के न होने पर पूछे गए सवाल पर जवाब दिया कि जनता ने मुझे साढे पांच लाख वोट दिए है जो अब जिलाध्यक्ष है उन्होंने मुझे चुनाव में हराने का काम किया था, उनके होने व न होने से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है, जिस जनता ने मुझे वोट दिए में उस जनता के अधिकारों के लिए लडूंगी, हाउस टैक्स वृद्धि नहीं होने दी जाएगी।
भाजपा बताएं उन्होंने जनता को क्या दिया
डॉली शर्मा ने प्रेसवार्ता में खुली चुनौती भाजपा वालों को दी, उन्होंने कहा कि वह बताएं कि गाजियाबाद की जनता को विकास के नाम पर क्या दिया गया है, पूर्व में रही कांग्रेस और सपा सरकार में जो विकास हुए उन पर भाजपा वाले वहावही लूटने का कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि 16 नगर निगमों से गाजियाबाद ही एक नगर निगम मिला था जो इतना बोझ जनता के ऊपर डाल दिया जा रहा है। उन्होेने कहा कि इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button