उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में सपा का नगर निगम के बाहर प्रदर्शन

सपा के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने कहा कि हाउस टैक्स वृद्धि कर जनता की कमर तोड़ने का काम

नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर जताया विरोध, टैक्स वृद्धि वापस लेने की मांग
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकतार्ओं ने शनिवार को नगर निगम मुख्यालय नवयुग मार्केट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम का घेराव कर हाउस टैक्स में की गई वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।

दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के जिला व महानगर संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सपा के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने कहा कि हाउस टैक्स वृद्धि कर जनता की कमर तोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार जनता पर पड़ रही है और भाजपा सरकार टैक्स बढ़ा कर जनता को लूटने का कार्य कर रही है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन (एडवोकेट) ने कहा कि नगर निगम द्वारा बिना जनता की स्थिति को समझे हाउस टैक्स बढ़ाना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस फैसले को वापस नहीं लिया गया तो समाजवादी पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करने को मजबूर होगी।
वहीं महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव (एडवोकेट) ने कहा कि शहर की जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे समय में हाउस टैक्स बढ़ाकर नगर निगम ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि सपा जनता के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकतार्ओं ने नगर निगम प्रशासन से हाउस टैक्स वृद्धि के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के चलते नगर निगम मुख्यालय के आसपास कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित किया।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button