
बुलंदशहर {मनस्वी वाणी}
शिकारपुर के पहासू कस्बा क्षेत्र स्थित श्मशान घाट से 50 वर्षीय साधु बिन्नामी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। सोमवार देर रात उनके कमरे में खून के निशान मिले, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।स्थानीय लोगों के अनुसार, साधु पिछले दो-तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रहे थे।

सोमवार शाम को जब कुछ लोग उनकी तबीयत पूछने कमरे में पहुंचे, तो कमरा खुला मिला और साधु वहां नहीं थे। बिस्तर पर और कमरे से बाहर तक खून के निशान मिले। कमरे के बाहर उनका कुत्ता भी बेहोशी की हालत में पाया गया। मौके पर कुछ दांत भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस किसी जंगली जानवर का बता रही है।साधु बिन्नामी पिछले 10-12 वर्षों से काली नदी के समीप बने इस श्मशान घाट की कोठरी में रह रहे थे। वे यहां साफ-सफाई का काम करते थे और बस्ती से भिक्षा मांगकर अपना जीवन यापन करते थे।पहासू निवासी राधेश्याम ने बताया कि बाबा एक-दो दिन से लापता थे और उन्हें आशंका है कि उनकी हत्या कर दी गई है। हेमंत कुमार उर्फ बंटी लोधी ने भी बताया कि बाबा करीब 12 साल से यहां रह रहे थे और कमरे में खून देखकर उन्हें हत्या का अंदेशा है। वीरेंद्र बैद्यजी ने भी इसी तरह की आशंका व्यक्त की।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीओ शशांक श्रीवास्तव, एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने भी मौके का मुआयना किया। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।एसएसपी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि मामले में पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है एवं साधु की तलाश में जुटी है।जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



