
गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की एनएसएस इकाई का सात दिवसीय विशेष सेवा शिविर साहिबाबाद गांव के कंपोजिट विद्यालय में स्वयंसेवकों के श्रमदान और साफ-सफाई शुरू हो गया है। शिविर के पहले दिन स्वयं सेविकाओं ने सरस्वती वंदना एवं एनएसएस लक्ष्य गीत की प्रस्तुति दी। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुदेश कुमारी, संस्थान के शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर देवेंद्र उपाध्याय एवं फिजिकल एजुकेशन विभाग के विक्रांत तोमर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर में होने वाले अन्य कार्यक्रमों की शुरुआत कराई। शिविर के प्रथम सत्र में निर्धारित थीम “पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य” पर स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्लोगन एवं पंपलेट तैयार किए। इनमें स्वच्छता, प्लास्टिक का कम उपयोग, कूड़ा प्रबंधन, नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या, मच्छर एवं मक्खियों से फैलने वाले रोगों से बचाव, पौधारोपण, शुद्ध पेयजल तथा जल संरक्षण जैसे विषयों को चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से प्रस्तुत किया। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने इन विषयों पर स्कूली बच्चों को भी जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य में सहयोग किया। विद्यार्थियों के साथ सामूहिक खेल गतिविधियों का आयोजन कर उनका उत्साहवर्द्धन किया। स्वयंसेवकों ने गांव में जनसंपर्क कर लोगों को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। द्वितीय सत्र में गांव के मुख्य मार्गों पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर पंफलेट वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अमित कुमार ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। शिविर में मनीष कुमार, दुष्यंत राघव, प्रियांश आर्य, अंजलि कुमारी, आयुष मिश्रा, कंगना, मीनल एवं अमन पांडे सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग किया।



