अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस आयुक्त ने की समीक्षा बैठक
त्योहार व परीक्षाओं को लेकर दिए निर्देश

मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी परीक्षाओं और त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बुधवार को पुलिस कार्यालय सभागार में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने की।
बैठक में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और विभिन्न अभियानों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात, सभी पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सर्किल सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे।

बैठक में विशेष रूप से आॅपरेशन प्रहार की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को और तेज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा की गई और आगे की कार्ययोजना तय की गई।
इसके अलावा आगामी परीक्षाओं के दौरान शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, निरोधात्मक कार्रवाई तथा अपराधों की समीक्षा भी बैठक में की गई।
बैठक में आगामी ईद-उल-फितर के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस आयुक्त ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और सामाजिक शांति बनाए रखने के लिए ठोस व प्रभावी रणनीति के साथ कार्य किया जाए।



