
बरेली के जाट रेजीमेंट सेंटर में बुधवार से अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत हो गई। पहले दिन 12 जिलों के 850 युवाओं ने भारतीय सेना में अग्निवीर बनने के लिए दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। इनमें से 550 अभ्यर्थी सभी परीक्षणों में सफल रहे है। सफल युवाओं को गुरुवार को मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया गया है। भर्ती रैली में बरेली, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत और हरदोई जिलों के युवाओं ने भाग लिया। पहले दिन 1094 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 850 ही मैदान में पहुंचे। भर्ती रैली में शामिल होने के लिए युवाओं का जाट रेजीमेंट सेंटर पहुंचना शुरू हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जाट रेजीमेंट सेंटर के सामने हाईवे पर ट्रैफिक को वन-वे कर दिया गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से जाट रेजीमेंट सेंटर तक 25 ई-बसें चलाई जा रही है। नगर निगम द्वारा स्थाई और आस्थाई शेल्टर होम बनाए गए हैं, भर्ती रैली 11 मार्च से 23 मार्च तक आयोजित की जाएगी।



