मुरादनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों पर जीडीए का बुलडोजर
करीब 33 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को मुरादनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 33 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़कों, बाउंड्रीवाल और साइट आॅफिस समेत कई निमार्णों को ध्वस्त कर दिया।
जीडीए उपाध्यक्ष के निदेर्शों के क्रम में प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार ग्राम बसंतपुर सैंथली में खसरा संख्या 153, हनुमान मंदिर बंबा रोड से शोभापुर-बसंतपुर सैंथली मार्ग पर लगभग 8 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इसी प्रकार मोदीनगर के फतेहपुर, सीकेड़ा रोड क्षेत्र में खसरा संख्या 130 पर करीब 15 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अनधिकृत कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
इसके अलावा मुरादनगर के ग्राम सरना क्षेत्र में रावली रोड, चुंगी नंबर-3 से पाइपलाइन रोड के बीच खसरा संख्या 266, 267 और 269 पर लगभग 10 बीघा भूमि में कच्ची सड़कें बनाकर प्लॉटिंग की जा रही थी। इन सभी मामलों में प्राधिकरण द्वारा पूर्व में ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए थे।
ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में जीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़कों, बाउंड्रीवाल, साइट आॅफिस समेत अन्य निमार्णों को बुलडोजर से गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकतार्ओं ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
इस दौरान मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण का प्रवर्तन दस्ता और पुलिस बल मौजूद रहा। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



