
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। नेहरू वर्ल्ड स्कूल में शनिवार, 14 मार्च 2026 को कक्षा दो के छात्रों का वार्षिकोत्सव बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह का विशेष आकर्षण नाट्य प्रस्तुति ह्लस्क्वीज एंड द स्क्वैशह्व रहा, जिसने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय की एक्जीक्यूटिव हेड सुश्री सुजैन होम्स द्वारा अतिथियों और अभिभावकों के स्वागत से हुई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सृजनात्मकता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और ऐसी गतिविधियां सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नृपन विष्णोई रहे। कार्यक्रम के दौरान कक्षा दो के छात्रों ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2025-26 की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में छात्रों ने एक प्रेरक कहानी पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें यह संदेश दिया गया कि संतोष जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। नाटक में दो ऐसे लोगों की कहानी दिखाई गई जिन्हें अपना घर छोटा लगता है, लेकिन एक बुद्धिमान व्यक्ति उन्हें कुछ जानवरों के माध्यम से यह समझाता है कि जो उनके पास है, वही उनके लिए पर्याप्त और संतोषजनक है। छात्रों ने विभिन्न पात्रों के माध्यम से प्रभावशाली अभिनय करते हुए नाटक को जीवंत बना दिया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. अरुणाभ सिंह ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में जूनियर स्कूल की प्रधानाचार्या सुश्री पूनम गैरोला ने अभिभावकों और अध्यापिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के विकास में सभी का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ये बच्चे भविष्य के कर्णधार हैं और उन्हें सही मार्गदर्शन देना हम सभी का कर्तव्य है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका सराहनीय रही।



