
वर्षो से लीकेज पाइप लाइन का कार्य हुआ शुरू
- नेशनल हाइवे के डासना में वर्षो से टूटी हुई थी पाइपलाइन
- आये दिन गहरे गड्ढे में गिरकर वाहन चालक हो रहे थे परेशान
- रमजान के महीने में पानी को तरसे लोग,
- चार दिन से पानी चल रहा बंद
एमजे चौधरी
गाजियाबाद। नेशनल हाईवे के डासना कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक के सामने टूटी हुई पाइपलाइन के कारण जहां गहरे गहरे गड्ढे होने से वाहन सवार घायल हो रहे थे। तो वही आए दिन इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक से की जा रही थी। हालांकि नगर पंचायत डासना ने दिल पर पत्थर रखकर पाइपलाइन को बदलने का कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि पूर्व में डासना नगर पंचायत इस कार्य को एनएचएआई का बता रहा था । मगर एनएचएआई द्वारा साफ तौर पर इसे नगर पंचायत की लापरवाही बताया गया था। लिहजा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन व क्षेत्र के सभासद के अथक प्रयासों के बाद पाइपलाइन को बदलने का कार्य शुरू हो गया है। पाइपलाइन के बदलने से क्षेत्रवासियों को इससे काफी लाभ भी प्राप्त होगा। तो वही आवागमन करने वाले लोगों को घायल होने से निजात भी मिलेगी।
चार दिन से रमजान व गर्मी में पानी को तरसे कस्बावासी, कोई वैकेलिक व्यवस्था नही
स्थानीय कस्बा वासियों का आरोप है कि गर्मी के मौसम और रमजान के महीने में पानी की समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत के अधिकारियों ने कोई वेकेलीक व्यवस्था नहीं की, जिससे पानी को लेकर काफी हाहाकार भी मचा हुआ है। जब इस मामले में नगर पंचायत के अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। मगर चार दिन हो गए और चार दिन होने के बावजूद कोई वैकेलिक व्यवस्था पानी की नहीं की गई है। इसको लेकर भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है। इस कार्य को रमजान के महीने के उपरांत करना चाहिए था। मगर नगर पंचायत के अधिकारी जनता को परेशान करने के उद्देश्य से इस तरह का कार्य करते हुए नजर आ रहे हैं।

काफी वर्षो से टूटी थी पाइपलाइन
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कस्बा डासना नेशनल हाईवे से सटा है, नगर पंचायत गेट के पास पाइपलाइन के टूटे होने से पानी का रिसाव होने के कारण गहरे गहरे गड्ढे होने की वजह से आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा था, तो वही आए दिन बाइक सवार गड्ढे में गिरकर घायल भी होते हुए नजर आए थे। ई-रिक्शा का तो आए दिन पलटने का मामले भी रुकने के नाम ही नही ले रहे थे। इस मामले की शिकायत क्षेत्र वासियों के अलावा सामाजिक लोगों द्वारा भी जिला प्रशासन से की गई। मगर नगर पंचायत के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही थी। और इस मामले को एनएचएआई व जलमिगम का कार्य बताया जा रहा था। बहरहाल जब एनएचएआई से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह हमारा कार्य नहीं है और हमने अपना कार्य कर दिया था । यह कार्य नगर पंचायत का है और नगर पंचायत की लापरवाही की वजह से पाइपलाइन में रिसाव हो रहा है।

जलनिगम अधिकारियों से मिलकर निकला समस्या का हल
अधिशासी अधिकारी महेश प्रताप श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि काफी वर्षों से नेशनल हाईवे डासना में पाइपलाइन में पानी का रिसाव हो रहा था। जिससे सड़क के दोनों तरफ गहरे गहरे गड्ढे हो रहे थे। और आए दिन लोगों के घायल होने की सूचना भी प्राप्त हो रही थी। हालांकि इस मामले में उच्च अधिकारियों से बातचीत की गई और जल निगम के अधिकारियों से बातचीत कर इस समस्या के समाधान के लिए रास्ता निकालने का प्रयास किया गया। जिसके अंतर्गत टूटी हुई पाइपलाइन को बदलने का कार्य किया जा रहा है।

क्षेत्रीय विधायक व उच्च अधिकारियों के समक्ष रखी थी समस्या: डॉ मुजाहिद हुसैन
डासना नगर पंचायत की चेयरमैन श्रीमती बागेजहां के पति एवं प्रतिनिधि डॉक्टर मुजाहिद हुसैन उर्फ बाबू भाई ने बताया कि काफी वर्षों से डासना कस्बे में पाइपलाइन के टूटे होने के कारण और पानी के रिसाव से लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। इस मामले में कई मर्तबा नगर पंचायत की बोर्ड मीटिंग में भी बातचीत हुई और उच्च अधिकारियों को भी इस मामले से अवगत कराने का कार्य किया गया। हालांकि क्षेत्रीय विधायक धर्मेश तोमर से भी बातचीत की गई और इस समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाई गई थी। जिला प्रशासन के अधिकारियों के मार्गदर्शन में जल निगम की टीम से बातचीत कर इस समस्या का समाधान करने का कार्य किया जा रहा है। कहीं ना कहीं जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत डासना के प्रयासों से पाइप लाइन बदलने का कार्य किया जा रहा है । जिसे पूर्ण कर लिया जाएगा।



