
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। थाना नंदग्राम क्षेत्र में दर्ज एक सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 129/26 में गिरफ्तार आरोपी गौरव प्रजापति निवासी नूरनगर, थाना नंदग्राम ने पूछताछ में नाबालिग बच्ची की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने खून से सने हाथ एक रुमाल से साफ किए और रुमाल को घटनास्थल के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस टीम जब आरोपी को बरामदगी के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची, तभी उसने पहले से छिपाए गए अवैध हथियार से पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई।
मौके से आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इस संबंध में जियाउद्दीन अहमद, सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।



