उत्तर प्रदेश के 9 वर्ष पूर्ण होने पर गाजियाबाद में कार्यक्रम, लाभार्थियों को मिला सम्मान

मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा कविनगर स्थित जानकी सभागार में भव्य कार्यक्रम एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
इस अवसर पर नरेंद्र मोदी एवं योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के लोकभवन सभागार से मुख्यमंत्री के संबोधन और वार्षिक पुस्तक विमोचन का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
मुख्य अतिथि के रूप में महापौर सुनीता दयाल, विधायक सदर संजीव शर्मा, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल उपस्थित रहे।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि सरकार प्रत्येक नागरिक को भयमुक्त, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण देने के लिए संकल्पबद्ध है। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि मोदी-योगी नेतृत्व में जनपद सहित पूरे प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और तेजी से विकास कार्य हुए हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के समग्र विकास में नागरिकों की सहभागिता को आवश्यक बताते हुए शिक्षा, स्वच्छता और डिजिटल प्रगति पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अयाना डांस एकेडमी के कलाकारों ने गणेश वंदना व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को आकर्षक बनाया। अंत में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। श्रम विभाग द्वारा मातृत्व शिशु बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु/दिव्यांगता योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। साथ ही विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूल किट तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थियों को भी लाभ प्रदान किया गया।
इस दौरान जनपद में हुए प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। जिसमें दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस (नमो भारत), मेट्रो विस्तार, हिण्डन सिविल टर्मिनल, कैलाश मानसरोवर भवन, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, एलिवेटेड रोड, स्मार्ट सिटी परियोजनाएं और स्वास्थ्य व आवास से जुड़ी योजनाएं प्रमुख रहीं।

जिला प्रशासन के अनुसार हजारों करोड़ रुपये के निवेश, सड़कों के निर्माण, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक योजनाओं के माध्यम से गाजियाबाद को तेजी से विकसित जनपद के रूप में स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और लाभार्थी मौजूद रहे।



