
मजिस्ट्रियल जांच जारी, 31 मार्च तक दे सकते हैं जानकारी
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अभियुक्त की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में प्रशासन ने आमजन से साक्ष्य और जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि 3 मार्च 2026 को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत सहायक पुलिस आयुक्त अपराध, स्वाट टीम और अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई में दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान घायल हुए अभियुक्त गुलफाम की इलाज के दौरान वसुंधरा स्थित अटलांटा अस्पताल में मृत्यु हो गई थी।
मामले में थाना इंदिरापुरम पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निदेर्शों के अनुपालन में इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है।
जिलाधिकारी के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है।
अत: किसी भी व्यक्ति के पास यदि घटना से संबंधित कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष जानकारी, फोटो, वीडियो या अन्य साक्ष्य हो, तो वह 17 मार्च से 31 मार्च के बीच नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय (कलेक्ट्रेट) में उपस्थित होकर या मोबाइल नंबर 9415425932 पर संपर्क कर अपनी जानकारी दर्ज करा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आगे आकर सत्यता स्थापित करने में सहयोग करें, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।



