
अब्दुल वाहिद / संवाददाता
बड़ौत
बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को बड़ौत शहर मे दो अवैध कॉलोनियो पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कॉलोनी काटने वालो को चेतावनी दी कि जब तक नक्शा पास नही कराया जाएगा तब तक प्लॉट नही काटे जाएंगे। यदि ऐसा किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बड़ौत मे राज पैलेस के सामने मोहित तोमर, रोहित तोमर, राहुल व वरुण दस हजार वर्ग मीटर मे कॉलोनी काट रहे थे। इसके अलावा गोविंद गार्डन के पीछे मोहित कुमार ने दस हजार वर्ग मीटर कॉलोनी काटी। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कई बार नक्शा पास करने के लिए नोटिस जारी किया लेकिन फिर भी नक्शा पास नही कराया जा रहा था। प्राधिकरण के अवर अभियंता अजीत कुमार ने पुलिस व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कॉलोनियो की सड़को को उखड़वा दिया और दीवारो का ध्वस्तीकरण कराया।



