गाजियाबाद

20 और 21 फरवरी को परिवहन विभाग, गाजियाबाद कार्यालय में परिवहन मेले का आयोजन

व्यवसायिक वाहनों में भी एकमुश्त कर व्यवस्था लागू

अशोक कुमार श्रीवास्तव, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), गाजियाबाद ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा परिवहन कर प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम के अंतर्गत व्यवसायिक वाहनों में भी एकमुश्त कर व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था तकनीकी रूप से वाहन पोर्टल पर पूर्ण रूप से लाइव कर दी गई है। इस योजना के अंतर्गत भाड़े अथवा पारिश्रमिक पर संचालित दोपहिया मोटरसाइकिल, तिपहिया मोटर कैब, मैक्सी कैब, प्रयोजन यान, माल वाहन, राज्य परिवहन उपक्रम के स्वामित्वाधीन सार्वजनिक सेवायान सहित विभिन्न श्रेणियों के परिवहन यानों को सम्मिलित किया गया है। इस एकमुश्त कर प्रणाली का मुख्य उद्देश्य वाहन स्वामियों को बार-बार कर भुगतान की जटिल, समय-साध्य प्रक्रिया से राहत प्रदान करना, प्रशासन को सरल एवं पारदर्शी बनाना, अधिकाधिक गैर-परिवहन यानों को परिवहन यानों में परिवर्तित करना तथा विभागीय राजस्व संग्रह प्रणाली को अधिक सुदृढ़ करना है।
परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 3000 किलोग्राम से अधिक तथा 7500 किलोग्राम तक सकल यान भार वाले वाहनों (मिनी ट्रक आदि) के लिए वाहन के क्रय मूल्य का 6 प्रतिशत एकबारीय कर के रूप में निर्धारित किया गया है। पूर्व से पंजीकृत वाहनों के संबंध में एकबारीय कर की गणना करते समय पूर्व अवधि के प्रत्येक वर्ष के लिए देय कर राशि में 8 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी, जो अधिकतम 75 प्रतिशत तक सीमित होगी। प्रदेश सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना से अधिकाधिक वाहन स्वामियों को लाभान्वित करने तथा विभागीय राजस्व प्राप्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रथम चरण में दिनांक 20 फरवरी 2026 एवं 21 फरवरी 2026 को परिवहन कार्यालय, गाजियाबाद में परिवहन कर मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सम्भागीय परिवहन कार्यालय, गाजियाबाद में दिनांक 20 एवं 21 फरवरी 2026 को प्रातः 11.00 बजे से सायं 5.00 बजे तक परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान वाहन स्वामियों को एकमुश्त कर व्यवस्था, पंजीकरण, परमिट, कर भुगतान, फिटनेस, लाइसेंस सहित विभिन्न विभागीय सेवाओं की जानकारी एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्री श्रीवास्तव ने जनपद के समस्त वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे परिवहन मेले में प्रतिभाग कर शासन की इस लाभकारी योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button