
-मुख्यमंत्री ने हिंडन एयरफोर्स में योजना के ब्रोशर का किया विमोचन
-जीडीए नंदग्राम में 77 भूखंडों की ला रहा है योजना
-ई लॉटरी के माध्यम से चयनित होंगे लाभार्थी
गाजियाबाद।
नंदग्राम योजना के नूरनगर में 77 आवासीय भूखंडों की योजना लॉन्च की गई है। रविवार को इस आवासीय योजना का ब्रोशर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंडन एयरफोर्स पर विधिवत विमोचन किया। अब योजना के लिए 25 फरवरी से आवेदन शुरू होगा, जो 15 मार्च तक चलेगा। इस योजना में प्राधिकरण पहली बार ई लॉटरी प्रक्रिया से आवेदन 25 मार्च को होगा।
जीडीए ने नंदग्राम योजना के खसरा संख्या 96 व 97 पर रिक्त पड़ी करीब आठ हजार वर्ग मीटर जमीन पर भूखंड विकसित किए है। यहां 1.07 करोड़ रुपये से बाहरी चार दीवारी कराई गई है। साथ ही आंतरिक विकास कार्य भी कराए है। प्राधिकरण ने इसका लेआउट तैयार कर यहां 77 भूखंड तैयार किए है, जो विभिन्न क्षेत्रफल के है। साथ ही हरियाली से लेकर सड़कों की चौड़ाई का भी विशेष ध्यान रखा गया है। साथ ही आंतरिक विकास कार्य जैसे सड़क, नाली नाले, खंभे आदि की व्यवस्था कराई गई है। रविवार को जीडीए ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हिंडन एयरफोर्स पर इस योजना के ब्रोशर का विधिवत विमोचन कराया है। इसके बाद अब 25 फरवरी से इसके आवेदन शुरू होंगे। जीडीए ने भूखंड की दर 79 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की है। जीडीए का दावा है कि करीब 14 वर्ष बाद विकसित की गई नई भूखंडीय योजना का लोगों को लाभ मिलेगा। अधिकारी बताते हैं कि इसके आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही होंगे। पंजीकरण के वक्त भूखंड मूल्य का दस फीसदी व आरक्षित वर्ग के लिए पांच फीसदी राशि देनी होगी।
ई लॉटरी के माध्यम से होगा आवंटन
योजना के अंतर्गत भूखंडों का आवंटन जीडीए पहली बार ई लॉटरी प्रणाली के माध्यम से करेगा। इस बार आवंटन पत्र प्राधिकरण की अधिकारिक वेबसाइट से डिजिटल रूप से दिया जाएगा। आवंटन होने के बाद पूर्ण भुगतान व रजिस्ट्री के पश्चात 36 माह के भीतर भूखंड पर कब्जा दिया जाएगा।
छोटे बड़े सभी श्रेणियों के हैं भूखंड
तैयार लेआउट के अनुसार, यहां सभी छोटे बड़े भूखंड शामिल हैं। इसमें मुख्य रूप से 60 वर्ग मीटर तक के कुल 23 भूखंड, 61 से 90 वर्ग मीटर के 28 भूखंड, 91 से 120 वर्ग मीटर के कुल आठ भूखंड, 121 वर्ग मीटर से 222 वर्ग मीटर तक के 18 भूखंड शामिल है। साथ ही पार्क की भी व्यवस्था की गई है। इन भूखंडों के सामने सड़क भी चौड़ी रखी गई है ताकि लोगों को कोई दिक्कत न हो।
नंदग्राम योजना की बढ़ रही वैल्यू
इस योजना की वैल्यू बढ़ रही है। ये योजना राजनगर एक्सटेंशन से जुड़ी हुई है। साथ ही दिल्ली मेरठ रोड और जीटी रोड से भी इस योजना में आने जाने की बेहतर कनेक्टिविटी है। योजना से एलिवेटेड जाना भी आसान है। ऐसे में इस योजना की बेहतर कनेक्टिविटी के कारण लोग यहां रहना पसंद करते हैं। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस योजना में भूखंड सर्जित करने का लाभ प्राधिकरण को मिलेगा। इन्हें बेचकर काफी आय आर्जित हो सकेगी।
वर्जन
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नंदग्राम योजना में 77 आवासीय भूखंडों की योजना का विमोचन किया है। इच्छुक लोग 25 फरवरी से आवेदन कर सकते हैं। इसका पहली बार 25 मार्च को ई लॉटरी प्रक्रिया से आवंटन किया जाएगा।
-नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए



