Uncategorized

अधिवक्ताओं ने पुलिस आयुक्त से की शिकायत, कार्रवाई की मांग

ज्वैलरी विवाद में कार्रवाई न होने का आरोप
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। ज्वैलरी विवाद और कथित धमकी के मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ता आसिम अली ने कमिश्नरेट पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर थाना विजयनगर पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र में अधिवक्ता ने बताया कि उनके समधी शफात खान और उनकी पत्नी ने ठेकेदारी कार्य में नुकसान का हवाला देकर तीन माह के लिए उनसे लगभग 18 तोला सोना उधार लिया था, जिसे बाद में वापस नहीं किया गया। इस संबंध में उन्होंने 1 अक्टूबर 2025, 3 अक्टूबर 2025, 31 जनवरी 2026 और 18 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अधिवक्ता का कहना है कि थाना विजयनगर में उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उनके और उनके परिवार के खिलाफ कथित रूप से झूठा मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिसके संबंध में थाना कविनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
अधिवक्ता आसिम अली ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि उनकी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए विपक्षी पक्ष के खिलाफ विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं तथा उनके विरुद्ध दर्ज कथित फर्जी मुकदमे को निरस्त किया जाए। उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। इस दौरान बार अध्यक्ष ब्रहमदत्त त्यागी, अधिवक्ता विजय गौड़ सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button