गाजियाबाद

गाजियाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मिली धमकी पर एफआईआर की मांग
मनस्वी वाणी, संवाददाता

गाजियाबाद। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले को लेकर गाजियाबाद में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचे और पुलिस आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राजस्थान के कोटा निवासी एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर प्रसारित बयानों में राहुल गांधी को घर में घुसकर गोली मारने की धमकी दी गई है। साथ ही अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की धमकी न केवल एक संवैधानिक पद की गरिमा के विरुद्ध है, बल्कि इससे समाज में भय और अस्थिरता का माहौल बन सकता है। जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए, लेकिन हिंसा और उकसावे की भाषा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपित व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। इस दौरान महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, महिला जिलाध्यक्ष डॉली त्यागी, कोषाध्यक्ष अश्वनी त्यागी, पूर्व महानगर अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, डी.के. शर्मा, राजेंद्र शर्मा, राजाराम भारती, हरेंद्र सिंह बाबा, एडवोकेट किरन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेसजनों ने एक स्वर में लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button