
जयपुर, प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर अभी से ही गर्मी के तेवर तीखे नजर आ रहे हैं। राज्य के पश्चिमी हिस्सों में तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के इलाकों में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। सबसे ज्यादा 40 दशमलव 8 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में दर्ज हुआ। विभाग ने आने वाले दिनों में तेज गर्मी का दौर जारी रखने की संभावना व्यक्त की है। इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 14 मार्च को प्रदेश के आठ जिलों में आंधी और हल्की बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया है। प्रदेश में हीटवेव की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने, कूलर-पंखे, एसी और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को धूप से बचाने के लिए अस्पताल परिसरों में छाया की व्यवस्था करने को कहा गया है।



