अध्यात्मउत्तर प्रदेश

नवरात्र में नारी शक्ति का महाअभियान, 19 मार्च से शुरू होगा ‘मिशन शक्ति’ का छठवां चरण

लखनऊ । चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना के साथ नारी शक्ति का उत्सव मनाया जाता है, उसी भावना को धरातल पर उतारते हुए प्रदेश में ‘मिशन शक्ति’ के छठवें चरण की शुरुआत 19 मार्च से होने जा रही है। यह अभियान बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को जनआंदोलन में बदलने का संकल्प है। अभियान की सभी गतिविधियों की निगरानी सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से की जाएगी।इसके आलावा जिला और ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों को नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।

बता दें कि 19 से 26 मार्च तक चलने वाले इस विशेष अभियान में विद्यालयों से लेकर समाज तक व्यापक स्तर पर गतिविधियों के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाया जाएगा। इस प्रयास को नारी सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। यह, बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ समाज में नारी सम्मान और समानता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

इस सम्बन्ध में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का कहना है कि मिशन शक्ति’ अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। नवरात्र के पावन अवसर पर यह अभियान नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास है, जिससे बेटियां सुरक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर बन सकें।

नवरात्र से जुड़ी नारी शक्ति की थीम

अभियान को इस बार नवरात्र से जोड़ते हुए माँ दुर्गा के नौ रूपों के माध्यम से नारी शक्ति के विभिन्न आयामों को रेखांकित किया जाएगा। विद्यालयों में पोस्टर, चर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बेटियों में आत्मविश्वास और समाज में सम्मान का भाव विकसित किया जाएगा।

विद्यालयों में गतिविधियों की श्रृंखला

प्रदेश के लगभग 1.32 लाख प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कम्पोजिट विद्यालयों में पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, रैली, भाषण, संवाद कार्यक्रम और फिल्म प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रदेश की सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की बालिकाएं भी शामिल रहेंगी।

स्वावलंबन, आत्मरक्षा और कानून की जानकारी पर जोर

बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने के साथ-साथ पुलिस विभाग के सहयोग से हेल्पलाइन नंबर, साइबर अपराध, FIR प्रक्रिया और बाल विवाह जैसे मुद्दों पर जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही बालिकाओं को बैंकिंग प्रक्रिया, स्वयं सहायता समूह, कौशल प्रशिक्षण (सिलाई-कढ़ाई) आदि से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। ‘मिशन शक्ति’ अभियान बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

मिशन शक्ति का दिवसवार कार्यक्रम

  • – 19 मार्च: नवदुर्गा के नौरूपों पर आधारित पोस्टर निर्माण एवं नवरात्रि आधारित चर्चा
  • – 20 मार्च: दुर्गा के नव रूपों पर आधारित नुक्कड़ नाटक और बाल अधिकार व सुरक्षा से जुड़े स्लोगन लिखे तख्तियों के साथ रैली
  • – 21 मार्च: विद्यालय, विकासखंड, तहसील और जनपद स्तर पर बालिकाओं प्रमुख पदों पर आसीन करते हुए एक्सपोजर देना
  • – 22 मार्च: मीना दिवस का आयोजन, निडर फिल्म दिखाना, रैली, नुक्कड़ नाटक आदि में जनप्रतिनिधि-अभिभावको को आमंत्रित करना
  • – 23 मार्च: बैंक और हॉस्पिटल भ्रमण एवं सम्बन्धित कौशल प्रशिक्षण
  • – 24 मार्च: जनपद, ब्लॉक्, तहसील स्तरीय महिला अधिकारियों और ख्यातिलब्ध महिलाओं का विद्यालय भ्रमण, उनका बालिकाओं से संवाद, आत्मरक्षा प्रशिक्षण सत्र का संचालन व सेल्फ डिफेंस क्लब का गठन
  • – 25 मार्च: बालिकाओं का निकटतम थाना/कोतवाली भ्रमण, हेल्पलाइन, FIR व कानून जानकारी
  • – 26 मार्च: विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जेंडर स्टेरियो टाइप, बाल विवाह, महिलाओं के लिए सरकारी योजनाओं पर नुक्कड़ नाटक

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button