
देहरादून: उत्तराखंड के अधिकतर हिस्सों में मौसम बदला हुआ है। पर्वतीय जिलों के साथ ही मैदानी हिस्सों में भी रूक-रूक कर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे के दौरान राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
विभाग के अनुसार, इस अवधि में राज्य के विभिन्न हिस्सों में ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान व्यक्त किया गया है।
मौसम विभाग ने चारधाम यात्रियों से मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करने की अपील की है। साथ ही, मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की सलाह भी दी गई है।



