
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम के नलबाड़ी में घुसपैठियों पर कार्रवाई, SIR लागू करने, हर जिले में कॉलेज खोलने और UCC लाने का वादा किया, साथ ही विकास कार्यों को गिनाया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम के नलबाड़ी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर (SIR) को देशभर में लागू करने की प्रक्रिया जारी है, जिसका कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में राज्य में अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनसभा में अमित शाह ने विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा असम में AIIMS और IIM की स्थापना हो चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुनः सरकार बनने पर राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि असम में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि कई महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण किया गया है, जिनमें एशिया के सबसे बड़े पुलों में से एक भी शामिल है। साथ ही, उत्तर गुवाहाटी और दक्षिण गुवाहाटी को जोड़ने वाला पुल भी तैयार हो चुका है।



