
- सीसीटीवी में हुआ था तेंदुआ कैद,
- परीक्षा भी हुई थी निरस्त,
एमजे चौधरी
गाजियाबाद । कविनगर थाना एरिया के एनडीआरएफ रोड पर दिन निकलते ही ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल में तेंदुआ जब सीसीटीवी फुटेज में नजर आया तो स्कूल की छूट्टी कर दी गई और बच्चों को वापस भेज दिया गया। इस मामले की सूचना स्कूल प्रशासन ने पुलिस और वन विभाग को दी। वन विभाग और पुलिस की टीम ने एहतियात के तौर पर पुरे रोड को खाली कराया। आसपास की दुकानों को बंद कर दिया गया और किसी तरह वन विभाग की टीम द्वारा करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को पिंजरे में बंद कर ले जाया गया। इस पूरे मामले में एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि एनडीआरएफ रोड पर तेंदुआ मंगलवार की रात को सीसीटीवी में कैद हुआ। सुबह छह बजे ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में घुस आया और कुछ देर बाद दीवार फांदकर भाग गया। जिसे वन विभाग की टीम द्वारा पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि एनडीआरएफ रोड स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में बुधवार की सुबह करीब छह बजे तेंदुआ घुस आया। तेंदुआ ने स्कूल की कक्षाओं में घुसने का प्रयास किया लेकिन दरवाजे बंद होने पर असफल रहा। तेंदुए ने स्कूल के मैदान में करीब दो मिनट तक चहलकदमी करते हुए सीसीटीवी में दिखाई दिया था। सुरक्षाकर्मी ने तेंदुआ को स्कूल में देख लिया और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। जिसके बाद बुधवार को आयोजित कक्षा 11वीं की परीक्षा निरस्त कर दी गई और अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की गई। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया।
स्कूल के सभी दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। स्कूल में तेंदुआ की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के रास्तों पर जाल लगाया। इस सूचना पर पुलिस टीम के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ रोड पर बेरिकेटिंग लगाकर रूट डायवर्ट कराया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल लगाया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह जब सूचना प्राप्त हुई की एक स्कूल में तेंदुआ देखा गया है। जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। सूचना पर तमाम तरह के इंतजाम किए गए और वन विभाग की अन्य टीमों को भी बुलाया गया । सुरक्षा एवं एहतियात के तौर पर स्कूल के आसपास की जगह को खाली कराया गया और स्कूल के चारों गेटों की तरफ जाल लगाया गया। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को जाल में कैद कर लिया गया है। तेंदुए के आने से लोगों में डर और भय का माहौल भी देखा गया था। लिहाजत तेंदुए के पकड़ने के बाद लोगों ने राहत के सांस ली है।



