
जयपुर । जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक भीषण हादसे में चलती कार में आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 11 बजे मौजपुर के पास हुई। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के चैनपुरा गांव का एक परिवार वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था और किराए की कार में सवार था। रास्ते में अचानक वाहन में गैस रिसाव होने से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। थाना प्रभारी ने बताया कि कार सीएनजी और पेट्रोल दोनों से चलने वाली थी, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। हादसे में तीन महिलाओं, एक पुरुष और एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शव बुरी तरह जल गए, जिनकी पहचान डीएनए जांच के जरिए कराई जाएगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस बीच अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव और शॉर्ट सर्किट, दोनों संभावित कारणों के रूप में देखे जा रहे हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



