रियाद में ‘विकसित भारत दौड़’: इंटरनेशनल इंडियन स्कूल के अंगद को गोल्ड, असीम दूसरे स्थान पर

रियाद, — सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भारतीय दूतावास द्वारा 2 अक्टूबर को आयोजित “विकसित भारत दौड़” (मैराथन) में इंटरनेशनल इंडियन स्कूल, रियाद (IISR) के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और भारतीय समुदाय का नाम रोशन किया। फिटनेस और राष्ट्र-निर्माण के संदेश के साथ आयोजित इस दौड़ में रियाद के विभिन्न स्कूलों के लगभग 500 छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कड़े मुकाबले के बीच इंटरनेशनल इंडियन स्कूल के कक्षा 10 के छात्र अंगद पाराशर, जो वरिष्ठ पत्रकार राकेश पाराशर के पौत्र हैं, ने अपनी रफ्तार और धैर्य का जलवा बिखेरते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल जीता। इसी स्कूल के कक्षा 11 के छात्र असीम ने भी उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रवासी भारतीय समुदाय में गर्व की भावना पैदा की है।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने विजेता धावकों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। स्कूल प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों ने अंगद और असीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। यह आयोजन प्रवासियों के बीच एकता, स्वास्थ्य और मजबूत भारत के संकल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था।



