
स्व-जनगणना के प्रति लोगों में बढ़ रहा उत्साह
गाजियाबाद। जनगणना अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने और लोगों को स्व-जनगणना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष जनगणना सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। इस पहल को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और स्व-जनगणना करने वाले नागरिक यहां पहुंचकर सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ने का संदेश दे रहे हैं।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ एवं जिला जनगणना अधिकारी सौरभ भट्ट के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य आमजन को जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
प्रशासन का मानना है कि सोशल मीडिया और जनसहभागिता के माध्यम से स्व-जनगणना अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। यही कारण है कि सेल्फी प्वाइंट युवाओं और आम नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
अधिकारियों ने अपील की है कि अधिक से अधिक लोग स्वयं जनगणना पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी स्व-जनगणना के प्रति जागरूक करें। प्रशासन के अनुसार स्व-जनगणना से जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनेगी तथा नागरिकों की भागीदारी से अभियान को नई गति मिलेगी।



