गाजियाबाद

कवि सम्मेलन में तीन घंटे तक बहीं काव्य की धाराएं


सुदीप भोला, पवन आगरी और राहुल शर्मा को हरप्रसाद शास्त्री स्मृति सम्मान, छह छात्राएं भी सम्मानित
मनस्वी वाणी, संवाददाता गाजियाबाद। जनपद की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को कन्या वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें कवियों ने तीन घंटे तक कविता, गीत और शायरी से श्रोताओं को भावविभोर किया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध रचनाकार सुदीप भोला, आगरा के कवि पवन आगरी और मुरादाबाद के शायर राहुल शर्मा को हरप्रसाद शास्त्री स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय की छह होनहार छात्राओं को भी नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया गया।


हरप्रसाद शास्त्री चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सुदीप भोला को हरप्रसाद शास्त्री शब्द मनीषी, पवन आगरी को हरप्रसाद शास्त्री शब्द सारथी और राहुल शर्मा को हरप्रसाद शास्त्री काव्यश्री सम्मान प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण शुक्ल, विधायक संजीव शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता पृथ्वी सिंह कसाना, विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष अनिल सांवरिया, चीफ सिविल वार्डन ललित जायसवाल तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अश्विनी प्रकाश और शरद गर्ग ने कवियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण शुक्ल ने कहा कि हरप्रसाद शास्त्री के परिजन अमेरिका में रहते हैं, इसके बावजूद अपने पिता की स्मृति में गाजियाबाद में प्रतिवर्ष साहित्यिक आयोजन कराना सराहनीय है। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन शहर की साहित्यिक पहचान और गौरव को बढ़ाते हैं।
बेटियों की कविता से लेकर सामाजिक विसंगतियों पर कटाक्ष तक
कवि सम्मेलन की शुरूआत विद्यालय की छात्राओं के स्वागत गीत और कवयित्री अंजू जैन की सरस्वती वंदना से हुई। प्रेरणा मेहरोत्रा गुप्ता ने अच्छाई, प्रेम और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। सोनम यादव की रचना ने भी श्रोताओं की सराहना बटोरी।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे राज कौशिक की शायरी ने खूब तालियां बटोरीं। राहुल शर्मा ने वसीयत और संपत्ति के माध्यम से जीवन की सच्चाइयों को बयां किया। पवन आगरी ने अमीरों और गरीबों के लिए कर्ज व्यवस्था के अलग-अलग व्यवहार पर व्यंग्य किया। वेद प्रकाश शर्मा ‘वेद’ के दोहों और अंजू जैन की रचनाओं को भी श्रोताओं ने पसंद किया। विद्यालय की शिक्षिका एवं कवयित्री चेतना शर्मा ने भी कविता प्रस्तुत की, जबकि सुदीप भोला ने बेटियों पर आधारित रचनाएं सुनाकर खूब तालियां बटोरीं।
गाजियाबाद की साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम का आयोजन जनपद की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर साहित्यिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित कर रही संस्था ह्यकाव्य कोनाह्ण के संयोजक राज कौशिक के सहयोग से किया गया। उन्होंने बताया कि शहर में पांच साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने हरप्रसाद शास्त्री के अमेरिका निवासी पुत्र जितेंद्र कुमार और उनके परिजनों का आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया। हरप्रसाद शास्त्री चैरिटेबल ट्रस्ट के महासचिव ललित जायसवाल और कोषाध्यक्ष अरुण कुमार ने छह छात्राओं को नकद राशि देकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधक शरद गर्ग, उपप्रबंधक अश्विनी प्रकाश, कोषाध्यक्ष केपी गुप्ता और सदस्य राम अवतार जिंदल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर रवि अरोड़ा, अजय जैन, विशाल कौशिक, राकेश गुप्ता, प्रशांत गर्ग और पंकज जिंदल सहित अनेक साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button