अपराध

कार्यभार संभालते ही एक्शन में नंदग्राम थाना प्रभारी

मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। इंस्पेक्टर जितेन्द्र सिंह ने नंदग्राम थाने का कार्यभार संभालने के कुछ ही दिनों के भीतर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर अपनी कार्यशैली का परिचय दे दिया। थाना पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता दिलाई।
जानकारी के अनुसार, नंदग्राम पुलिस टीम रोटरी गोल चक्कर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर घेराबंदी की गई।
रात्रि करीब 1:30 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे वाहन मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल बदमाश सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अनिल, मोहित और सत्य के रूप में हुई है। घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button