
60 अनाधिकृत बसों के चालान, 54 वाहन सीज
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद/ग्रेटर नोएडा। सड़कों पर सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमबद्ध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर अनाधिकृत रूप से संचालित बसों के खिलाफ व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 60 बसों का चालान किया गया, जबकि 54 वाहनों को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई में करीब 21 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क आरोपित किया गया।
यह विशेष अभियान डॉ. सिया राम वर्मा के नेतृत्व में संभाग गाजियाबाद के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा परी चौक एवं यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना परमिट, बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग, निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त अन्य जगहों पर सवारी उतारने-चढ़ाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों की गहन जांच की गई। केंद्रीय मोटर वाहन अधिनियम और उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई। सीज की गई बसों को मोरना बस डिपो तथा कासना बस डिपो में खड़ा कराया गया है।
प्रवर्तन अधिकारियों ने बस चालकों और परिचालकों को निर्देश दिए कि वे सभी वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहनों का संचालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि अनाधिकृत बसों का संचालन यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और इससे वैध रूप से संचालित परिवहन सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
डॉ. सिया राम वर्मा ने आम नागरिकों से अपील की कि वे केवल अधिकृत एवं परमिटधारी वाहनों में ही यात्रा करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना परिवहन विभाग को दें, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।



