गाजियाबाद

प्राकृतिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, घटेगी लागत : ब्रजेश पाठक

प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं कृषक गोष्ठी में 500 से अधिक किसानों ने लिया भाग
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास भवन परिसर में प्राकृतिक खेती कार्यशाला, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम एवं जनपद स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने की। कार्यक्रम में जिले भर से 500 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग कर प्राकृतिक खेती और कृषि नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह द्वारा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत कर किया गया। इसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार और डॉ. चन्द्रपाल गुप्ता ने किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों, उसके लाभों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान किसानों को जीवामृत एवं बीजामृत तैयार करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने जल संरक्षण, कम लागत में अधिक उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य सुधार तथा कृषि में नवाचारों पर भी विस्तार से चर्चा की।
 उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती समय की आवश्यकता है। इससे खेती की लागत में कमी आएगी, मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए संतुलित मात्रा में रासायनिक उर्वरकों के उपयोग, जैविक कीटनाशकों को बढ़ावा देने तथा “खेत बचाओ अभियान” से जुड़ने की अपील की। उन्होंने किसानों को “ग्रो सेफ फूड 2.0” अभियान से भी जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान मिलेट्स उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किसानों को बाजरा बीज की नि:शुल्क मिनीकिट का वितरण भी किया गया। किसानों ने विशेषज्ञों से खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।  इस अवसर पर लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर, गाजियाबाद विधायक संजीव शर्मा, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच, महापौर सुनीता दयाल, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.पी. पाण्डेय, कृषि वैज्ञानिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button