
नंदग्राम पुलिस ने मोरटी बाईपास से स्टेडियम जाने वाली सड़क पर पकड़ा, आरोपी पर 26 मुकदमे दर्ज
मनस्वी वाणी, संवाददातागाजियाबाद। नंदग्राम थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के सुंदर नगरी निवासी आशिक उर्फ आसिफ (25) पुत्र जफरू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को नंदग्राम थाना पुलिस की टीम मोरटी बाईपास से स्टेडियम जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से बरामद मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर वढ13उट9084 है। इस बाइक की चोरी के संबंध में बुलंदशहर के कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 1079/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत दर्ज है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने खर्च चलाने और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए बुलंदशहर से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विभिन्न थानों में दर्ज हैं 26 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आशिक उर्फ आसिफ के खिलाफ गाजियाबाद के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वेव सिटी में तीन, नंदग्राम में दो, मधुबन बापूधाम में एक, खोड़ा में छह, कोतवाली में चार, कविनगर में तीन, मसूरी में एक, साहिबाबाद में चार, सिहानी गेट में एक और विजय नगर में एक मुकदमा शामिल है। इन मामलों में चोरी, बरामदगी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमे शामिल हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले की आगे की जांच कर रही है।



