
गाजियाबाद। शालीमार सिटी क्षेत्र में गणेश हॉस्पिटल की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बिराज फाउंडेशन एवं उज्जवल भारत मिशन के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
शिविर का उद्घाटन गणेश हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं सीईओ डॉ. प्रतीक शर्मा और डॉ. मोनिशा शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे लोग समय रहते अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच करा सकें और गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकें।
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के लिए फिजिशियन परामर्श, डेंटल कंसल्टेशन, पीएफटी, ईसीजी, हाइट, वेट, बीपी तथा शुगर की जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सलाह भी दी।
कार्यक्रम में बिराज फाउंडेशन के संस्थापक बिराज सिंह, जयशंकर रॉय, गिरीश गुप्ता, उमेश शर्मा, पल्लवी भारद्वाज और मनोज अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर में सैकड़ों लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आम जनता के लिए बेहद लाभदायक साबित होते हैं, विशेषकर उन लोगों के लिए जो नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही।



