
गाजियाबाद समेत तीन जिलों में ‘संवाद सेतु’ व्यवस्था लागू
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच संवाद को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से गाजियाबाद, हरदोई और कन्नौज में ‘संवाद सेतु’ (जिला संपर्क एवं कमांड सेंटर) व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इस पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
इस दौरान आयोजित बैठक में एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, तीनों जनपदों के जनप्रतिनिधि, हरदोई एवं कन्नौज के जिलाधिकारी, गाजियाबाद के मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिला संपर्क एवं कमांड सेंटर की स्थापना पूरी कर ली गई है और स्टाफ की तैनाती के साथ कॉल मॉनिटरिंग प्रणाली भी सक्रिय कर दी गई है।

नई व्यवस्था के तहत अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनप्रतिनिधियों की कॉल को 10 मिनट के भीतर रिसीव करें या कॉल बैक करें। यदि ऐसा नहीं होता है तो संबंधित जनप्रतिनिधि कमांड सेंटर को सूचित कर सकेंगे, जिसके बाद कमांड सेंटर संबंधित अधिकारी को तुरंत जवाब देने के लिए निर्देशित करेगा।
राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि यह व्यवस्था पक्ष, विपक्ष और निर्दलीय सभी जनप्रतिनिधियों के लिए समान रूप से लागू होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि दोनों का उद्देश्य जनता की सेवा करना है और इस पहल से संवाद व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, ‘संवाद सेतु’ व्यवस्था कार्य दिवसों और कार्यालय समय में सरकारी सीयूजी नंबरों पर लागू होगी। इस पहल से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बेहतर होने के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान में तेजी आने की उम्मीद है।



