
बुलंदशहर {मनस्वी वाणी}
भारत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत खुर्जा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने की प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुँच गई है। प्रशासन द्वारा प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की समय-सीमा समाप्त होने के बाद, अब कल यानी 6 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।खुर्जा तहसील और निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में फॉर्म 6 (नए नाम), फॉर्म 7 (नाम हटाने) और फॉर्म 8 (संशोधन) प्राप्त हुए थे। इन पर जारी किए गए नोटिसों का जवाब देने और सुनवाई की अंतिम तिथि 27 फरवरी थी। खुर्जा के बीएलओ (बीएलओ) ने घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिन मतदाताओं ने नोटिस मिलने के बावजूद निर्धारित समय में अपनी उपस्थिति या साक्ष्य दर्ज नहीं कराए, उनके मामलों का निस्तारण उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर कर दिया गया है।कल शुक्रवार को खुर्जा विधानसभा के सभी पोलिंग स्टेशनों, तहसील कार्यालय और बीएलओ के पास अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध होगी। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि सूची के प्रकाशन के साथ ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि कितने नए युवा मतदाता जुड़े हैं और कितने अपात्र नामों को हटाया गया है।



