
गाजियाबाद |
भारतीय किसान यूनियन संघर्ष (अराजनैतिक) के जिला अध्यक्ष संदीप कुमार को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। संदीप कुमार पुत्र श्री मनवीर सिंह, निवासी ग्राम रईसपुर, जिला गाजियाबाद ने पुलिस आयुक्त, पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद को प्रार्थना पत्र देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, संदीप कुमार समाज के गरीब, शोषित और मजदूर वर्ग की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिनांक 07 मार्च 2026 को गोविन्दपुरम, कविनगर निवासी आंचल तेवतिया के साथ हुए कथित गैंगरेप के मामले में पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने सहयोग किया। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 148/2026 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है।
संदीप कुमार का आरोप है कि आरोपित आशीष उर्फ पिंकू पुत्र राजकुमार और तुषार कुमार पुत्र राजू सहित उनके कुछ साथी लगातार उनकी रेकी कर रहे हैं और उन्हें मुकदमे से दूर रहने तथा समझौता करने के लिए दबाव बना रहे हैं। प्रार्थी के अनुसार, 28 मार्च 2026 से 29 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल और व्हाट्सएप कॉल कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी 14 मार्च 2026 और 18 मार्च 2026 को प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक उचित कार्यवाही नहीं हुई है। संदीप कुमार ने आशंका जताई है कि उन्हें और उनके परिवार को गंभीर खतरा है।
पीड़ित किसान नेता ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।



