
नई दिल्ली: ओडिशा के कंधमाल में 55 लाख के इनामी नक्सली सुकरू समेत 5 नक्सलियों ने सरेंडर किया। प्रशासन ने पुनर्वास का भरोसा दिया, पुलिस ने अन्य नक्सलियों से भी मुख्यधारा में लौटने की अपील की।
ओडिशा के कंधमाल में सुरक्षाबलों को एक बहुत बड़ी कामयाबी मिली है। राज्य के कुख्यात नक्सली सुकरू ने अपने चार अन्य साथियों के साथ पुलिस और प्रशासन के सामने घुटने टेक दिए हैं। सुकरू पर कुल 55 लाख रुपये का सामूहिक इनाम घोषित था। इस दौरान पांचों नक्सलियों ने हथियार भी पुलिस को सौंपे। इसको नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है।
प्रशासन ने कहा कि जो भी नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करेंगे, उन्हें सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आर्थिक और सामाजिक लाभ दिए जाएंगे। इस बीच, ओडिशा के ADG(नक्सल विरोधी अभियान) संजीव पांडा ने बचे हुए माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें।
वहीं ओडिशा के कंधमाल के पुलिस अधीक्षक हरीश बी. सी. ने इस कामयाबी पर खुशी जताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही बाकी बचे नक्सली भी सामने आकर सरेंडर करेंगे।



