
किशनगंज में मौलाना तौसीफ आलम की संदिग्ध मौत पर आक्रोश, ठाकुरगंज में कैंडल मार्च निकालकर परिजनों ने उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
उत्तर प्रदेश के बरेली कैंट क्षेत्र के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में किशनगंज जिले के ठाकुरगंज निवासी मौलाना तौसीफ आलम की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बरेली से सिवान लौटने के क्रम में उनका शव रेलवे ट्रैक के पास बरामद हुआ।
परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है तथा मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। घटना के विरोध में ठाकुरगंज में स्थानीय लोगों एवं युवाओं ने जामा मस्जिद से डीडीसी मार्केट तक कैंडल मार्च निकालकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस मामले को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में भी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान, विधायक सरवर आलम तथा मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।



