गाजियाबाद

मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा

रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति का आकलन किया गया और लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय पॉलिटेक्निक गाजियाबाद तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गाजियाबाद द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक एवं प्रशिक्षण योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं और उद्यमियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान योजना की विशेष समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिए कि बैंकों को भेजे गए आवेदनों पर संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधकों और शाखा प्रबंधकों से समन्वय स्थापित कर ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि लाभार्थियों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके। बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी कुलमोहित सिंह, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन में समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button