
95 करोड़ रुपये से होंगे सड़क, नाली और सौंदर्यीकरण कार्य
धायक संजीव शर्मा ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर शहर विधायक संजीव शर्मा ने आवास विकास परिषद के अधिकारियों के साथ व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की सड़कों, नालियों, सेंट्रल वर्ज तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया और विकास कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए गए।
विधायक संजीव शर्मा ने आवास विकास के अधिशासी अभियंता विकास गौतम एवं अन्य अधिकारियों को मौके पर बुलाकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान सिद्धार्थ विहार की मूलभूत सुविधाओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण, नालियों के सुधार, सेंट्रल वर्ज के विकास और अन्य जरूरी कार्यों पर लगभग 95 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने विधायक को आश्वस्त किया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाएगा।
शहर विधायक संजीव शर्मा ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ नालियां और सुव्यवस्थित आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
विधायक ने कहा कि सिद्धार्थ विहार तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है और यहां आधुनिक सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित विकास कार्यों के पूरा होने के बाद सिद्धार्थ विहार एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित क्षेत्र के रूप में नई पहचान बनाएगा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान अब शीघ्र होगा।



