
सपाइयों ने पुलिस कमिश्नर से की मुलाकात
शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की अपील
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर कैला भट्टा क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कथित कोशिशों पर चिंता जताई।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को दिए ज्ञापन में कहा कि पिछले कुछ दिनों से कैला भट्टा क्षेत्र में कुछ बाहरी शरारती तत्व हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच वैमनस्य और नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि गाजियाबाद सदैव अपनी गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाना चाहिए।
फैसल हुसैन ने कहा कि शहर की शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को सतर्क रहते हुए ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। प्रतिनिधिमंडल में अभिषेक गर्ग, सिकंदर यादव, असलम कुरैशी तथा शाहनवाज खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन शीघ्र आवश्यक कदम उठाकर शहर में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था को और मजबूत करेगा।



