
प्रेस वार्ता में उठी राजनीतिक हिस्सेदारी की आवाज
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्मण सभा (रजि.) महानगर एवं जिला गाजियाबाद द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में मेरठ-सहारनपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में त्यागी समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। सभा पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की उल्लेखनीय जनसंख्या और राजनीतिक योगदान के बावजूद उसे अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल रही है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सभा के संरक्षक राजेंद्र त्यागी ने कहा कि मेरठ-सहारनपुर मंडल में त्यागी समाज की आबादी लगभग 5 से 6 प्रतिशत है, जो कई अन्य प्रभावशाली समुदायों के बराबर मानी जाती है। इसके बावजूद राजनीतिक दलों द्वारा समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न चुनावों में समाज के लोग सक्रिय रूप से भागीदारी करते हैं और भाजपा को समर्थन देते रहे हैं, लेकिन संगठन और जनप्रतिनिधित्व में उनकी हिस्सेदारी सीमित है।
महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी ने कहा कि समाज के भीतर इस विषय को लेकर गंभीर चर्चा चल रही है और आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव में त्यागी समाज के योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग लगातार उठ रही है। जिला अध्यक्ष मनोज त्यागी ने कहा कि यदि राजनीतिक दल, विशेषकर भाजपा, समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए उसे उचित प्रतिनिधित्व देती है तो इससे समाज में विश्वास और मजबूत होगा। सभा के संरक्षक विजेंद्र त्यागी ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों में त्यागी समाज के कई अनुभवी और सक्षम नेता हैं, जिन्हें विभिन्न संवैधानिक और संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। उन्होंने समाज को अन्य वर्गों की तरह उचित राजनीतिक हिस्सेदारी देने की मांग की।इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी, जिला अध्यक्ष मनोज त्यागी, संरक्षक राजेंद्र त्यागी, मास्टर ब्रह्मदत्त त्यागी, विजेंद्र त्यागी, आसाराम त्यागी, सुभाष त्यागी, सुनील त्यागी, अरुण त्यागी, डॉ. प्रमोद त्यागी, मुकेश त्यागी, प्रेमदत्त त्यागी, पवन त्यागी, रामकिशन त्यागी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



