Uncategorized

पहली बार नगर निगम मुख्यालय में आयोजित हुआ योग कार्यक्रम

महापौर, नगर आयुक्त और पार्षदों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
योग और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का दिया संदेश
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में पहली बार भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल, पार्षदों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरूआत प्रात: छह बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन के श्रवण के साथ हुई। इसके बाद नगर निगम मुख्यालय परिसर में योगाभ्यास कराया गया। महापौर सुनीता दयाल ने उपस्थित सभी लोगों का स्वागत करते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया और शहर को स्वच्छ बनाए रखने का भी आह्वान किया।


नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम में पहली बार योग दिवस के अवसर पर इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि योग और स्वच्छता दोनों ही स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं। यदि नागरिक नियमित रूप से योग करें और स्वच्छता के प्रति सजग रहें तो शहर के साथ-साथ उनका स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम मुख्यालय के पार्क में स्वच्छ और शांत वातावरण में आयोजित कार्यक्रम ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य किया है।
महापौर सुनीता दयाल ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए निर्देश दिए कि नगर निगम इस आयोजन को आगामी वर्षों में और अधिक भव्य रूप से आयोजित करे। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से शहरवासियों के लिए विभिन्न पार्कों में नियमित योग की व्यवस्था की जाती है, जहां नागरिक स्वच्छ वातावरण में योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपना रहे हैं। उन्होंने लोगों से शहर की स्वच्छता में भी सक्रिय सहयोग करने की अपील की। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निगम सीमा के सभी 100 वार्डों में स्थित पार्कों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों को नियमित योगाभ्यास अपनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button