उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी से मिले सांसद अतुल गर्ग


नए बस अड्डे से दौलतपुरा तक एलिवेटेड रोड निर्माण का रखा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को संस्तुति भेजने का दिया आश्वासन, गाजियाबाद के यातायात सुधार को मिलेगी नई गति
मनस्वी वाणी, संवाददाता
गाजियाबाद/लखनऊ। गाजियाबाद के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद अतुल गर्ग ने मंगलवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और भविष्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान सांसद अतुल गर्ग ने नए बस अड्डे से दौलतपुरा तक एलिवेटेड मार्ग के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता है। यदि सीआरआईएफ फंड के माध्यम से एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया जाता है तो न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि लाखों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि प्रदेश सरकार इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार को अपनी संस्तुति भेजे, ताकि प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति मिल सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्ताव को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को अपनी संस्तुति प्रदान करेंगे।
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि नए बस अड्डे से दौलतपुरा तक एलिवेटेड रोड का निर्माण गाजियाबाद के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगी। इससे शहर की ट्रैफिक समस्या में कमी आएगी, औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गाजियाबाद में भी सड़क, परिवहन, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिससे क्षेत्र की जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button