
गाजियाबाद, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा मधुबन बापूधाम आवासीय योजना संख्या के अंतर्गत 350 आवासीय भूखण्डों के आवंटन हेतु ई-लॉटरी प्रक्रिया का आयोजन किया जाएगा।
योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जनहित पोर्टल के माध्यम से 11 मई 2026 से 4 जून 2026 तक संचालित की गई थी। प्राप्त आवेदनों के आधार पर पारदर्शी एवं निष्पक्ष आवंटन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-लॉटरी आयोजित की जा रही है।
उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के निर्देशानुसार गठित समिति की उपस्थिति में ई-लॉटरी का आयोजन हिंदी भवन, लोहिया नगर, गाजियाबाद में निम्नानुसार किया जाएगा—
19 अगस्त 2026 – श्रेणी ए, बी, सी एवं डी के आवेदकों की ई-लॉटरी।
20 अगस्त 2026 – श्रेणी एफ, जी, एच एवं आई के आवेदकों की ई-लॉटरी।
दोनों दिनों में ई-लॉटरी की प्रक्रिया प्रातः 11:30 बजे से प्रारंभ होगी।
ई-लॉटरी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अपर सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, जिसमें विद्युत विभाग, जिला प्रशासन, प्राधिकरण के मुख्य अभियंता, संबंधित जोन प्रभारी तथा मुख्य नगर नियोजक सहित विभिन्न अधिकारियों को सदस्य नामित किया गया है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित रहकर ई-लॉटरी की संपूर्ण प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोजन स्थल पर विद्युत, ध्वनि व्यवस्था, वीडियो रिकॉर्डिंग, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे ई-लॉटरी से संबंधित सूचना एवं परिणाम प्राधिकरण द्वारा जारी आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें। ई-लॉटरी प्रक्रिया पूर्णतः कंप्यूटरीकृत, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी, जिससे सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर उपलब्ध हो सके।



