Uncategorized

मसूरी अंडरपास बना जाम का अड्डा

ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात होने के बावजूद रोज लग रहा जाम

राहगीरों ने मोबाइल में व्यस्त होने के फोटो किए सोशल मीडिया पर पोस्ट

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्त मसूरी अंडरपास इन दिनों जाम की समस्या से जूझ रहा है। अंडरपास में प्रतिदिन लगने वाले जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को कुछ मिनट का सफर तय करने में काफी अधिक समय लग रहा है। व्यस्त मार्ग होने के कारण सुबह से लेकर शाम तक यहां वाहनों का दबाव बना रहता है। जिसके चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद जाम की समस्या का स्थायी समाधान होता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने और यातायात को व्यवस्थित करने के बजाय मोबाइल फोन में व्यस्त दिखाई देते हैं।

जाम में फंस रहे वाहन चालक

मसूरी अंडरपास क्षेत्र में जाम लगने के कारण दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों की रफ्तार थम जाती है। जाम बढ़ने पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और राहगीरों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह स्थिति अब रोजमर्रा की समस्या बनती जा रही है। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को होती है। जिन्हें नौकरी, व्यापार, स्कूल-कॉलेज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। जाम के कारण लोगों का समय बर्बाद होने के साथ ही वाहनों की ईंधन खपत भी बढ़ती है।

पुलिसकर्मी तैनात, फिर भी व्यवस्था प्रभावित

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास में ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारु नहीं हो पा रही है। राहगीरों के अनुसार कुछ मौकों पर तैनात पुलिस कर्मी मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते नजर आए। इसी दौरान लोगों ने उनकी तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीं। जिसके बाद यातायात पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीसीपी ट्रैफिक

इस तरह के मामले को लेकर डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने कहा कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी है और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मसूरी अंडरपास में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे और जाम की समस्या से नियमित रूप से जूझ रहे वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

Admin

दैनिक समाचार पत्र मनस्वी वाणी‘जो राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश—इन तीन राज्यों से एक साथ प्रकाशित होता है’ पिछले दस वर्षों से पाठकों की पसंद और विश्वास के साथ निरंतर प्रकाशित हो रहा है। इस समाचार पत्र ने अपने निष्पक्ष समाचार, सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देकर पाठकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई है I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button