
गाजियाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गाजियाबाद में भव्य स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में एनएच-9 पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।
स्वागत से अभिभूत नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कमल का निशान ही भाजपा की पहचान है और प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति केवल माध्यम है, जबकि पार्टी का विचार और संकल्प ही सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर पार्टी के विचारों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नितिन नवीन ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से होती है। कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहकर पार्टी के पक्ष को जनता तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से किए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब भी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करके देना है।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद अतुल गर्ग,भोला सिंह सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, जिला प्रभारी अशोक कटारिया, प्रदेश महामंत्री राजेश सिंह, सदर विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



