
अंशु चौहान गौतमबुद्धनगर{मनस्वी वाणी}
पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी यूपी नेडा गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा), लखनऊ द्वारा भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की योजना पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्रदेशवासियों को सौर ऊर्जा अपनाने को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से लोग न केवल बिजली की बचत कर सकेंगे बल्कि अतिरिक्त विद्युत उत्पादन कर उसे बेच आय का अतिरिक्त स्रोत भी प्राप्त कर सकेंगे। योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापना पर सीधे उनके बैंक खाते में अधिकतम 78 हजार रूपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। एक किलोवाट क्षमता के लिए 30 हजार, 2 किलोवाट के लिए 60 हजार तथा तीन किलोवाट के लिए 78 हजार तक की सब्सिडी अनुमन्य है। इच्छुक योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।आवेदन प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी है। इच्छुक उपभोक्ता पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन पत्र भरें, तत्पश्चात संबंधित डिस्कॉम से अनुमोदन प्राप्त कर सोलर पैनल स्थापित करवा नेट मीटर विवरण एवं बैंक खाते की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर सब्सिडी की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी।योजना के अंतर्गत तीन किलोवाट तक के सोलर संयंत्र को करीब 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बिना गारंटी ऋण सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बन सौर ऊर्जा अपनाने में सुविधा मिलेगी। योजना के तहत पात्रता की शर्तें निर्धारित की गई हैं, जिनके अनुसार आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए, उसके घर की छत सोलर पैनल स्थापना को उपयुक्त होनी चाहिए, वैध बिजली कनेक्शन होना अनिवार्य है व किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का पूर्व में लाभ न लिया हो। आवेदन के लिये आधार कार्ड, नवीन बिजली बिल,बैंक पासबुक,मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी शामिल हैं।


