गाजियाबाद

हनंदीपुरम योजना ने पकड़ी रफ्तार — 76 हेक्टेयर भूमि क्रय, 128 हेक्टेयर सहमति प्राप्त भूमि क्रय की प्रक्रिया में

सचिव, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देश

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हनंदीपुरम योजना में भूमि क्रय की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। प्रथम चरण के अंतर्गत अब तक लगभग 76 हेक्टेयर भूमि किसानों से आपसी सहमति के आधार पर बैनामा कराकर प्राधिकरण के पक्ष में क्रय की जा चुकी है।

इसके साथ ही लगभग 128 हेक्टेयर भूमि के लिए किसानों से सहमति प्राप्त हो चुकी है और इन भू-खण्डों की क्रय प्रक्रिया वर्तमान में सक्रिय रूप से संचालित है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि इन सभी सहमति प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण करते हुए योजना के प्रथम फेज को समयबद्ध रूप से लॉन्च किया जाए।

हनंदीपुरम योजना में अपनाया गया सहमति आधारित मॉडल किसानों और प्राधिकरण के बीच विश्वास एवं पारदर्शिता की नई मिसाल प्रस्तुत कर रहा है। किसानों को उचित प्रतिफल सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

इसी संदर्भ में आज प्राधिकरण के सचिव द्वारा एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त सचिव, तहसीलदार ( प्रभारी भू-अर्जन विभाग) , लेखपाल एवं अमीन सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

समीक्षा के दौरान भूमि क्रय की प्रगति, सहमति प्राप्त प्रकरणों की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव महोदय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रथम चरण के प्रथम फेज के लिए आवश्यक भूमि क्रय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सहमति प्राप्त 128 हेक्टेयर भूमि की प्रक्रिया को और तेज़ किया जाए।

हनंदीपुरम योजना के अंतर्गत आधुनिक सड़कों, हरित पट्टियों, सामुदायिक सुविधाओं एवं सुव्यवस्थित आवासीय विकास का प्रस्ताव है। यह योजना गाजियाबाद के नियोजित और संतुलित शहरी विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Sandeep Singhal

संदीप सिंघल गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ उठाते आ रहे हैं। उनकी लेखनी तथ्यात्मक, निर्भीक और जनभावनाओं को प्रतिबिंबित करने वाली मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button